Bihar News: बिहार की राजनीति उस वक्त गरमा गई जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दरभंगा स्थित आंबेडकर कल्याण छात्रावास में दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों से संवाद करने से पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने नीतीश कुमार सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा और इसे “लोकतंत्र का अपमान” करार दिया।
राहुल गांधी पैदल पहुंचे हॉस्टल
राहुल गांधी का शेड्यूल दरभंगा में छात्रों से संवाद का था, जिसके तहत वे आंबेडकर हॉस्टल जाने वाले थे। लेकिन जब उनका काफिला चौरंगी के पास पहुंचा, तो पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। इस पर कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने कड़ा विरोध जताया। राहुल गांधी ने भी रुकने से इनकार करते हुए अपना वाहन छोड़ा और समर्थकों के साथ पैदल ही हॉस्टल की ओर बढ़ गए।
सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का निशाना
राहुल गांधी ने इस घटना का एक वीडियो X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा बिहार में NDA की डबल इंजन धोखेबाज सरकार मुझे अंबेडकर हॉस्टल में दलित और पिछड़े छात्रों से बातचीत करने से रोक रही है। संवाद कब से अपराध हो गया? नीतीश जी, आप किस बात से डर रहे हैं? इस बयान के साथ राहुल गांधी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि राज्य सरकार शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर पर्दा डालना चाहती है।
कांग्रेस का बीजेपी-जेडीयू पर हमला
कांग्रेस पार्टी ने भी सोशल मीडिया पर लिखा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दरभंगा के आंबेडकर हॉस्टल में छात्रों से मुलाकात करने जा रहे थे, लेकिन JDU-BJP की कायर सरकार ने पुलिस भेजकर उन्हें रोक दिया। यह सरकारी गुंडागर्दी है। पार्टी ने यह भी कहा कि वह छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए लड़ती रहेगी।
हॉस्टल में राहुल गांधी का संबोधन
पुलिस रोकने (Bihar News) के बावजूद राहुल गांधी आंबेडकर हॉस्टल पहुंचे और वहां छात्रों को संबोधित करते हुए कहा मैं दिल्ली से आपसे मिलने आया हूं। प्रशासन ने मुझे रोकने की पूरी कोशिश की लेकिन मैं आपके बीच पीछे से आ गया। क्योंकि मुझे आपकी शक्ति का भरोसा है। उन्होंने आगे कहा हमने संसद में नरेंद्र मोदी से कहा कि आपको जाति जनगणना करनी पड़ेगी। दलित, ओबीसी और अल्पसंख्यकों पर 24 घंटे अत्याचार होता है। प्राइवेट संस्थानों में भी आरक्षण लागू होना चाहिए। देश में 90 फीसदी के लिए कोई जगह नहीं बची है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

