कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने आज गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में बीजेपी का दामन थाम लिया। बता दें कि अनिल एंटनी दिल्ली में भाजपा के दिग्गज नेताओं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन, केरल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन की मौजूदगी में भाजपा परिवार में शामिल हुए। कांग्रेस छोड़ने से पहले अनिल एंटनी केरल में कांग्रेस का सोशल मीडिया सेल चलाते थे। वे केरल कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के संयोजक भी थे।
दक्षिण भारत में बीजेपी के पदचिह्न को बढ़ाने में मदद करेंगे
भाजपा में शामिल होने पर अनिल एंटनी ने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं। इसके अलावा भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनका भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि अनिल एंटनी एक बहुआयामी व्यक्तित्व के हैं। जब मैंने अनिल एंटनी की साख देखी तो मैं बहुत प्रभावित हुआ। उनके विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों के समान हैं। हमें विश्वास है कि वह बहुत सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे और दक्षिण भारत में बीजेपी के पदचिह्न को बढ़ाने में मदद करेंगे।
बीबीसी की विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री विवाद के बाद कांग्रेस छोड़ी
गौरतलब है कि अनिल एंटनी ने 2002 के गुजरात दंगों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बीबीसी की विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने इस डॉक्यूमेंट्री को भारतीय संस्थानों के विचारों से अधिक महत्व दिए जाने को खतरनाक चलन बताते हुए कहा था कि इससे देश की संप्रभुता प्रभावित होगी। उन्होंने बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को भारत के खिलाफ पक्षपातपूर्ण करार दिया था। इस प्रतिक्रिया के बाद उन्हें कांग्रेस के भीतर ही काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद उन्होंने बीते जनवरी के महीने में कांग्रेस में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था।
बता दें कि अनिल एंटनी के पिता एके एंटनी कांग्रेस के कद्दावर नेता है। कांग्रेस सरकार में वे केंद्रीय रक्षा मंत्री रहे थे। इसके अलावा वे केरल के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। एके एंटनी का नाम कांग्रेस के बड़े नेताओं में शुमार रहा है।

