प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तजिनक पोस्टर लगाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने अबतक इस मामले में 100 से अधिक प्राथमिकी दर्ज की है और 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन पोस्टरों पर लिखा था, “मोदी हटाओ-देश बचाओ.” दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने बताया कि पूरे शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए, जिसको लेकर अब तेजी से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन आपत्तिजनक पोस्टरों में प्रिंटिंस प्रेस की जानकारी नहीं है।
बता दें कि इन आपत्तिजनक पोस्टरों का लिंक आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है। स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने बताया कि आम आदमी पार्टी के कार्यालय से निकलते ही वैन को पुलिस ने रोका था, जिसमें से कई पोस्टर जब्त किए गए और मौके पर कुछ गिरफ्तारियां भी की गईं है। गिरफ्तार शख्स ने बताया कि उसके मालिक ने उसे यहां पर पोस्टरों की डिलीवरी के लिए कहा था। स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने बताया कि प्रिटिंग प्रेस अधिनियम और संपत्ति विरूपण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इतने पोस्टरों का दिया था ऑर्डर
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि दो प्रिंटिंग प्रेस फर्मों को 50-50 हजार पोस्टर बनाने का ऑर्डर दिया गया था। बता दें कि कंपनियों से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक पोस्टरों को अलग-अलग इलाकों में लगाया है। पूरे दिल्ली से अबतक 2000 पोस्टरों को हटाया गया है। अपने प्रिंटिंग प्रेस का नाम पोस्टरों पर प्रकाशित नहीं करने के आरोप में प्रिंटिंग प्रेस मालिकों को गिरफ्तार किया गया है।

