रामनवमी के मौके पर मध्यप्रदेश के इंदौर में एक बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई है। दरअसल, यहाँ एक मंदिर में कुँए पर बने छत गिरने से 20 से 25 लोग उसके अंदर गिर गए। हालाँकि रेस्क्यू अभियान जारी है। अभी तक की जानकारी के अनुसार 15 लोगों को कुँए से बाहर निकाला गया है बाकि और लोगों को बचाने का प्रयास जारी है।
बता दें कि यह बड़ा हादसा इंदौर के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हुआ है। हादसे की वजह भारी भीड़ बताई जा रही है। आज रामनवमी के मौके पर भारी संख्या में लोग दर्शन के लिए आए थे। उसी दौरान कुँए के ऊपर की छत अचानक ढह गई और लगभग 25 लोग कुँए में गिर गए।
निगम अफसरों ने जानकारी देते हुए कहा कि कुँए की गहराई 40 – 50 फीट है, उस पर लोहे की जाली थी। इसकी चौड़ाई एक कमरे के बराबर है। लोहे की जाली पर स्लैब डालकर इसका निर्माण किया गया था। हवन के दौरान बावड़ी की छत पर ज्यादा लोगों के होने से जाली टूट गई और हादसा हो गया।
इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। सीएम @ चौहान शिवराज जी से बात की और स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है। मेरी प्रार्थना उन सभी प्रभावितों और उनके परिवारों के साथ है।”

