हरियाणा में विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections 2024) के चलते सोमवार 23 सितंबर को अंबाला में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने एक चुनावी रैली को संबोधित किया और इस दौरान उन्होंने यह ऐलान करते हुए कहा कि अगर हरियाणा में कांग्रेस (Congress) की सत्ता आती है तो अंबाला में बंद शंभू बॉर्डर (Shambhu Border) को जल्द खोल दिया जाएगा।
दरअसल, हरियाणा के पुलिस लाइन मैदान में कांग्रेस पार्टी की तरफ से सोमवार 23 सितंबर को एक जनसभा का आयोजन किया गया था, इसमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदय भान शामिल हुए थे. तो वहीं इस मौके पर मुलाना से कांग्रेस प्रत्याशी पूजा चौधरी, अंबाला लोक सभा सांसद वरुण चौधरी, यमुनानगर प्रत्याशी समेत कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे. ऐसे में भूपेंद्र हुड्डा ने रैली में जनसभा को संबोधित किया और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा भी किया.
हरियाणा में बनेगी कांग्रेस की सरकार
भूपेंद्र हुड्डा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जहां पर भी मैं जाता हूं, वहां से एक ही आवाज आती है कि कांग्रेस आ रही है. मैं ये पूछना चाहता हूं कि ये हरियाणा में हुआ कैसे? क्योंकि लोगों ने अब 10 साल बीजेपी की सरकार और पहले 10 साल कांग्रेस की सरकार दोनों को तोल कर देख लिया है. हुड्डा ने आगे कहा कि 2009 में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय में, कानून व्यवस्था में, नौकरी देने में और खेलों में नंबर वन थी लोकिन अब बीजेपी के राज में जनता बेरोजगारी में नंबर वन है, महगाई में नंबर वन है और कानून व्यवस्था का तो बहुत बुरा हाल है.
हुड्डा ने किया किसान आंदोलन का जिक्र
हुड्डा ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए आगे कहा कि पहलवान बेटियों के साथ जो हुआ है वो तो आप सब ने देखा ही है, इसलिए इसको देखते हुए लोगों ने अब अपना मन बना लिया है कि हरियाणा में कांग्रेस की सत्ता वापस लानी है. पूरा देश हरियाणा की ओर आंखे लगा कर देख रहा है कि हरियाणा के लोग इस बार क्या फैसला लेते हैं? क्योंकि हरियाणा प्रदेश बहुत शक्तिशाली है. जब केंद्र की सरकार ने तीन कृषि कानून लेकर आई थी तो किस तरह हरियाणा-पंजाब के किसानों ने एक साल संघर्ष किया और सात सौ से ज्यादा किसानों ने शहीदी दी और इसके चलते आखिरकार सरकार को अपना फैसला वापस लेना ही पड़ा.
ये भी पढ़ें…
किसानों के रास्तों को क्यों रोका गया?
भूपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए सवाल पूछा कि अगर लोकतंत्र है तो किसानों के लिए रास्ते क्यों रोके गए? क्यों किसानों और लोगों पर लाठियां बरसाई गई? सरकार को लोगों से बात करनी चाहिए, उनकी समस्या को सुन उसका समाधान करना चाहिए. हुड्डा ने आगे कहा कि इस चुनाव में जैसे ही हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो सबसे पहले शंभू बॉर्डर को खोलने का काम किया जाएगा इसी के साथ ही उन्होंने हरियाणा में किसानों को MSP की लीगल गारंटी देने की भी बात कही. आपको बता दें कि इस साल 13 फरवरी को किसानों के आंदोलन के चलते सरकार ने शंभू बॉर्डर को बंद करा दिया था और तभी से पंजाब और हरियाणा के कई व्यापारियों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
राहुल गांधी विपक्ष के एक मजबूत नेता है
तो वहीं आगे हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी देश में विपक्ष के रूप में एक मजबूत नेता है. हुड्डा ने अंबाला से अपना पुराना रिश्ता बताया और इसी के साथ ही हुड्डा ने निर्मल सिंह का हाथ ऊपर उठाकर उन्हें मजबूत नेता बताया. इसके बाद हुड्डा ने जनता से सभी कांग्रेसी प्रत्याशियों के लिए वोट करने की भी अपील की. लकिन उन्होंने अंबाला कैंट से परविंदर परी को भी जीताने के लिए लोगों से वोट की अपील कर डाली.
भूपेंद्र हुड्डा ने की अंबाला में IMT की घोषणा
बता दे कि भूपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में कांग्रेस की सत्ता आने पर अंबाला में IMT बनाने की भी बड़ी बात कही और इसी के साथ ही उन्होंने बीजेपी सरकार पर कौशल रोजगार योजना को युवाओं के साथ मजाक करने का आरोप भी लगाया और साथ उन्होंने सरकार बनने पर हरियाणा के युवाओं को दो लाख पक्की नौकरियां देने का भी वादा किया है.

