Bahraich Violence: उत्तर प्रदेश के बहराइच में दुर्गा पूजा के दौरान मूर्ति विसर्जन के मौके पर हुई सांप्रदायिक हिंसा में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक अहम आरोपी सरफराज का एनकाउंटर कर दिया है। यह एनकाउंटर उस घटना के बाद हुआ जिसमें 22 वर्षीय राम गोपाल मिश्रा की गोली लगने से मौत हो गई थी।
रविवार को दुर्गा पूजा के मौके पर मूर्ति विसर्जन यात्रा के दौरान सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी, जिसके बाद दोनों समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया। इस हिंसा में करीब छह लोग घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, पथराव और गोलीबारी के दौरान हालात बेकाबू हो गए थे, जिससे इलाके में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।
घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने कई घरों, दुकानों, शोरूम, अस्पतालों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस हिंसक घटना के चलते पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बहराइच पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में अज्ञात और नामजद आरोपियों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने अब तक इलाके में छापेमारी कर 55 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
मौके पर शांति बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि हालात अब नियंत्रण में हैं, लेकिन इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
ये भी पढ़ें..
सरफराज, जिसे हिंसा के प्रमुख आरोपियों में से एक माना जा रहा था, का एनकाउंटर पुलिस द्वारा एक सटीक ऑपरेशन के दौरान किया गया। पुलिस का दावा है कि सरफराज को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

