बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर के तरेत पाली में 13 से 17 मई तक बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हनुमंत कथा सुनाने आए थे। कथा समाप्त होने के बाद वे वापस चले गए लेकिन उनकी चर्चा आज भी पूरे बिहार में हो रही है। बता दें कि पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के बिहार आगमन से पहले भी काफी चर्चा हो रही थी और अब उनके जाने के बाद भी वे चर्चा में बने हुए है।
इस बार वे यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले को लेकर चर्चा में आए है। बाबा धीरेंद्र शास्त्री पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले में जुर्माना लगाया गया है। धीरेंद्र शास्त्री पर बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी में चलने को लेकर चालान काटा गया है। ट्रैफिक एसपी के अनुसार धीरेन्द्र शास्त्री के ऊपर 1000 रूपए का जुर्माना लगाया है। बता दें कि यह 1000 का चालान ऑनलाइन भेजा गया है और जुर्माने की राशि जमा करने को कहा गया है।
जानें क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 13 मई की सुबह जब बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पटना पहुंचे तो उन्हें एयरपोर्ट से कार चलाकर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ले गए थे। एयरपोर्ट से होटल जाने के दौरान दोनों ने सीट बेल्ट नहीं लगाया था। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई। इसी मामले में यह कार्रवाई की गई है।
भाजपा सांसद तिवारी पर अलग से लगेगा जुर्माना ?
अब सवाल यह है कि क्या भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर भी यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में अलग से जुर्माना लगेगा ? बता दें कि इसका जवाब है नहीं। दरअसल जुर्माना केवल गाड़ी पर लगाया जाता है। ऐसे में सीट बेल्ट के लिए सिर्फ 1000 रुपये का ही चालाना काटा जाएगा। इसमें अलग से भाजपा सांसद मनोज तिवारी को जुर्माना नहीं देना होगा।

