कर्नाटक विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को 122 सीटों पर बढ़त मिल चुकी है। वहीं भाजपा काफी पीछे 70 सीटों पर पीछे चल रही है। रूझानों में कांग्रेस ने बहुमत ने बहुमत का आंकडा पार कर लिया है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मिठाई बांटी और पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा इस चुनाव में पीएम मोदी को आगे रखकर वोट मांगा गया था, यह मोदी की हार है। बजरंग बली की गदा भ्रष्टाचारियों के सिर पर पड़ी।
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने राहुल गांधी की गदा लिए फोटो शेयर की है। यह फोटो भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल दिखा था आज उसी का नतीजा कर्नाटक के चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिख रहा है।
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शानदार कैंपेन किया। कर्नाटक ने सांप्रदायिक राजनीति को नकार कर विकास की राजनीति को चुना है। आने वाले राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भी इसकी पुनरावृत्ति होगी।
कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा, मैंने पहले ही कहा था कि अगर मोदी भी आ गए, तो कुछ नहीं होगा। देखिए यही हुआ, हम 122 सीटों पर आगे चल रहे हैं। ऐसी ही हमें उम्मीद थी कि हमें बहुमत मिलेगा।
वहीं कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा, हम आगे बढ़ेंगे। हम और मजबूती से वापसी करेंगे। हम लोकसभा चुनाव में मजबूती से वापसी करेंगे। हम पार्टी संगठन को दोबारा खड़ा करेंगे। इन नतीजों का एनालिसिस किया जाएगा। हम देखेंगे, कहां कमी रह गई।

