Asia Cup 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में घोषित सीजफायर (8 मई) के बावजूद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। इस राजनीतिक तनाव का सीधा असर अब क्रिकेट पर भी दिखाई दे रहा है। भारत ने आगामी एशिया कप 2025 से हटने का मन बना लिया है और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस बाबत एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) को मौखिक सूचना भी दे दी है।
भारत ने एशिया कप 2025 की मेजबानी से भी किया इनकार
BCCI ने न केवल टूर्नामेंट से बाहर होने का संकेत दिया है, बल्कि उसने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह इस बार एशिया कप की मेजबानी भी नहीं करेगा। टूर्नामेंट का आयोजन सितंबर 2025 में भारत में होना था, लेकिन अब आयोजन को लेकर गंभीर अनिश्चितता बनी हुई है। इस पर अंतिम फैसला एसीसी की आगामी बैठक में लिया जाएगा।
महिला इमर्जिंग एशिया कप भी रद्द
BCCI के इस रुख का असर महिला क्रिकेट पर भी पड़ा है। भारत ने अगले महीने श्रीलंका में आयोजित होने वाले वूमेन्स इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2025 से भी हटने का फैसला लिया है। भारत के टूर्नामेंट से हटने के चलते यह प्रतियोगिता रद्द कर दी गई है। इस कदम को भारत द्वारा पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग-थलग करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल ACC के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी हैं, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं।
प्रायोजकों और ब्रॉडकास्टर्स पर असर
भारत के टूर्नामेंट से हटने का असर न केवल खेल पर पड़ेगा, बल्कि प्रायोजकों और ब्रॉडकास्टिंग अधिकारों पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकता है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया ने पिछले साल एशिया कप के ब्रॉडकास्ट राइट्स 170 मिलियन डॉलर में आठ साल के लिए खरीदे थे। भारत-पाक मैच सबसे ज्यादा देखे जाने वाले मुकाबलों में से होते हैं और इनसे ब्रॉडकास्टर्स को भारी मुनाफा होता है। भारत के न रहने से ये मुनाफा खतरे में पड़ सकता है, जिससे ब्रॉडकास्टिंग डील की भी समीक्षा हो सकती है।
न्यूट्रल वेन्यू की संभावना
BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बयान दिया कि बोर्ड भारत सरकार के निर्णयों का पालन करेगा। यदि एशिया कप किसी समझौते के तहत होता भी है, तो भारत केवल न्यूट्रल वेन्यू (जैसे दुबई या श्रीलंका) पर खेलने को तैयार होगा। गौरतलब है कि एशिया कप 2023 ‘हाइब्रिड मॉडल’ के तहत खेला गया था, जिसमें भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में थे। हालांकि सुपर-4 का मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया और पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंच सका। भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर ट्रॉफी जीती थी।
भारत-पाक को अलग ग्रुप में रखने की मांग
इसके बाद BCCI ने ICC को पत्र लिखकर भारत और पाकिस्तान को ICC टूर्नामेंट के ग्रुप स्टेज में एक ही ग्रुप में न रखने की सिफारिश की थी। यह स्पष्ट करता है कि भारत अब कम से कम ग्रुप चरणों में पाकिस्तान से टकराव नहीं चाहता है।
महिला वनडे वर्ल्ड कप में होगी टक्कर
हालांकि, भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें इस साल भारत में होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी। यह टूर्नामेंट 26 सितंबर से 2 नवंबर 2025 के बीच खेला जाएगा। पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई कर लिया है, लेकिन भारत में पाकिस्तान के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाने की संभावना पर अब भी चर्चा जारी है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

