नई दिल्ली। हिंदुओं में अहोई अष्टमी पर बेटों के लिए व्रत रखने और उन्हें देखकर ही व्रत खोलने का रिवाज है। 25 दिनों की न्यायिक हिरासत के बाद आर्यन खान को न्यायालय ने जमानत पर रिहा कर दिया। गौरी की मन्नत पूरी हो चुकी है आर्यन उनके घर मन्नत लौटने ही वाला है। हालांकि वो अहोई अष्टमी यानी गुरुवार को नहीं बल्कि शुक्रवार या शनिवार तक ही घर लौट पाएगा। फिर भी शाहरुख खान के जन्मदिन यानी 2 नवंबर से पहले ही उन्हें उनके बेटे के रूप में बर्थडे गिफ्ट मिलने वाला है।
इतने दिनों की सुनवाई के बाद आर्यन खान की जमानत मंजूर हो गई। इस मामले में दो अन्य लोगों को जमानत मिलने के बाद आर्यन को जमानत मिलने का रास्ता पहले ही खुल गया था। एनसीबी के वकील एएसजी अनिल सिंह ने दावा किया कि आर्यन को इस पार्टी की जानकारी पहले से थी। उनकी चैट से ये बात भी क्लीयर हो गई कि वो ड्रग्स के काले कारोबार में भी लिप्त थे। दोनों पक्षों की लंबी जिरह सुनने के बाद आखिरकार अदालत ने आर्यन को जमानत पर रिहा करने का फैसला सुनाया।
लगभग पूरे महीने की ये कैद इस स्टार किड के अलावा बॉलीवुड की भी बहुत सारी परतें उघाड़ गई। मगर इस दौरान आर्यन का केस हैंडल कर रहे वकीलों के अलावा शाहरुख खान की पीआर टीम ने कोई भी कोर कसर बाकी नहीं रखी। एनसीबी की टीम के जोनल अधिकारी समीर वानखेड़े से लेकर पूरी टीम को हर स्तर पर निशाना बनाया गया। मुंबई पुलिस ने किरण गोसोव को तीन साल पहले के मामले में गिरफ्तार करते हुए शाहरुख के लिए अपनी वफादारी पहले ही दिखा दी थी। आखिरकार अदालत ने भी आर्यन खान को जमानत पर रिहा कर दिया है।
आर्यन खान को 25 दिनों की हिरासत के बाद जमानत पर छोड़ दिया जाएगा। शुक्रवार या हो सकता है शनिवार तक आर्यन खान को जमानत पर रिहा कर दिया जाएगा। क्रूज पर ड्रग पार्टी में ड्रग के साथ कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई, एनएसबी इनके खिलाफ आरोप साबित करने में लगी है। मगर क्योंकि गिरफ्तार होने वाले लोगों में सुपर स्टार शाहरुख खान का बेटा आर्यन खान शामिल है इसलिए अब कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को ही लगातार प्रताड़ना का शिकार होना पड़ रहा है। बॉलीवुड की करीब-करीब सभी बड़ी हस्तियां ‘23 साल के नशेड़ी बच्चे’ को मॉरल सपोर्ट दे रही है। शाहरुख के बंगले के बाहर सितारों की कतारें लगी हुई हैं। अदालत में वकील अजब-गजब दलीलें देकर आर्यन को सही साबित करने में जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर इसमें कुछ भी अलग नहीं चल रहा है।
बॉलीवुड में इस खबर के साथ ही खुशियों का माहौल बना हुआ है। सिने सितारों की खुशी भरी प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। वहीं शाहरुख के बंगले मन्नत पर बधाई देने वाले सितारों की कतारें नजर आ रही हैं।

