Arvind Kejriwal Arrested: दिल्ली शराब नीति मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किए गए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal Arrested) ने रविवार (24 मार्च) को जेल से अपना पहला आदेश जारी किया। उन्होंने एक नोट के माध्यम से जल विभाग को निर्देशित किया. सीएम अरविंद केजरीवाल ने 22 मार्च को अदालत में पेशी के दौरान कहा था कि वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे. जरूरत पड़ी तो जेल से सरकार चलाएंगे.
इस बीच आप मंत्री आतिशी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी. कल आतिशी ने दावा किया कि उनके पार्टी कार्यालय को चारों तरफ से सील कर दिया गया है. उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव के दौरान किसी राष्ट्रीय पार्टी के कार्यालय में प्रवेश कैसे प्रतिबंधित किया जा सकता है? हम इस बारे में चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे।”
केजरीवाल को दिल्ली HC से मिला झटका
शनिवार शाम को केजरीवाल के वकीलों ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी और निचली अदालत के रिमांड आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी. वकीलों ने कहा कि दोनों फैसले अवैध हैं. केजरीवाल रिहाई के हकदार हैं. हमने कोर्ट से 24 मार्च तक सुनवाई की मांग की है.
हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल की गिरफ्तारी और रिमांड मामले पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया. कोर्ट ने कहा कि यह होली की छुट्टी है. बुधवार (27 मार्च) को कोर्ट खुलने पर ही मामले की सुनवाई होगी.
यह भी पढ़ें: Arvind Kejriwal Arrest: सीएम केजरीवाल ने गिरफ्तारी और रिमांड के खिलाफ HC का दरवाजा खटखटाया, कोर्ट से लगाई यह गुहार
दिल्ली में जगह-जगह AAP कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आप कार्यकर्ता दिल्ली में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. रविवार सुबह उन्हें दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास आईटीओ ब्रिज पर विरोध प्रदर्शन करते देखा गया. आम आदमी पार्टी के एक समर्थक ने कहा, “हम हर जगह विरोध प्रदर्शन करेंगे- सड़कों पर, गलियों में और सोसायटी में। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों के लिए जो किया है, वह किसी और ने नहीं किया। पीएम नरेंद्र मोदी अरविंद केजरीवाल से डरते हैं।”

