मध्य प्रदेश में अमानवीयता के एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फिर सामने आया है। रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो हो रहा है, जिसमें चार-पांच लोग एक युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटते हुए दिख रहे हैं। उक्त वीडियो करीब आठ महीने पुराना सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक को निर्वस्त्र कर दीवार के सहारे बैठाया गया है। उसके दोनों ओर दो लोग डंडे लेकर उसे मार रहे हैं। पीड़ित से हथेली खोलकर दोनों हाथ आगे करने को कहा जाता है। फिर एक युवक डंडे से उसकी हथेली पर वार करता है। बीच एक युवक आकर उसकी पाठ पर मारता है। पीड़ित गिड़गिड़ाते हुए पीटने वालों से कहता है- भैया जान से मार दो। लेकिन आरोपी नहीं रुकते। वे उसे लगातार पीटते हैं। वीडियो में धर्मेंद्र नाम सुनाई दे रहा है।
मामले को लेकर मोतीनगर थाना प्रभारी मानस द्विवेदी का कहना है कि वीडियो के बारे में जानकारी लगी है, लेकिन किसी की तरफ से अभी तक पुलिस से नहीं की गई है। वीडियो के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं और पीड़ित व आरोपितों की पहचान के भी प्रयास कर रहे हैं। स्थिति स्पष्ट होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो सामने आने के बाद एएसपी विक्रम सिंह कुशवाहा का कहना है कि वीडियो मोतीनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं वीडियो में पीटने वाले युवक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। मामला किसी पुरानी चोरी से संबंधित बताया जा रहा है।