वारिस पंजाब दे का प्रमुख अमृतपाल सिंह अभी भी पुलिस के शिकंजा से बाहर है। वो कहां है, इसकी तलाश अभी भी पुलिस की ओर से की जा रही है। कई इलाको में उसकी मौजूदगी की खबरें सामने आती रहती हैं। पुलिस मौके पर पहुंचती है लेकिन अमृतपाल वहां से रफू चक्कर हो जाता है। बता दें कि अमृतपाल की तलाश में 300 से ज्यादा डेरों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस को सीसीटीवी और वीडियो के अलावा अमृतपाल कहीं नहीं दिख रहा है।
अब खबर सामने आई है कि भगोड़ा अमृतपाल मेरठ में दिखाई दिया है बताया जा रहा है कि अमृतपाल को मेरठ के बेगमपुल पर टेंपो से जाते हुए देखा गया है। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस मेरठ पहुंच गई और टेंपो चालक से घंटों पूछताछ की। पंजाब पुलिस ने मेरठ में ही डेरा डाल लिया है और अन्य टेंपो चालक से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने टेंपो चालक से पूछताछ की तो ड्राइवर ने जवाब देते हुए कहा रोज कई सावरी ऑटो में बैठती हैं ऐसे में किस किस का चेहरा याद रखा जाए।
अमृतपाल सिंह के समर्थक और उसके करीबियों को पुलिस ने पंजाब से ही पकड़ा है। जिसके बाद ये माना जा रहा है कि अमृतपाल भी पंजाब में ही छिपा हो सकता है। अमृतपाल ने 29-30 मार्च को लगातार 2 वीडियो जारी किये थे। बता दें अमृतपाल की दूसरी वीडियो में कीर्तन की आवाज सुनाई दी थी जिसके बाद से ऐसा माना जा रहा है कि अमृत पाल किसी गुरुद्वारा में छिपा बैठा है। वहीं अब भगोड़े अमृतपाल को लेकर एक और ऐसी खबरें भी आ रही है कि वो अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में छिपा हो सकता है।
इसके अलावा ये भी कयास लगाए जा रहे है कि अमृतपाल सरेंडर करने स्वर्ण मंदिर आ सकता है। इन सबके चलते पंजाब पुलिस ने स्वर्ण मंदिर के आस पास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए है। उधर पंजाब पुलिस का कहना है कि वो अमृतपाल को सरेंडर करने से पहले ही गिरफ्तार करेंगे। अब सवाल ये उठता है कि क्या भगोड़ा अमृतपाल सिंह पुलिस के आगे सरेंडर कर अपने समर्थकों के सामने हीरो बन जाएगा। या उससे पहले ही पंजाब पुलिस उसको गिरफ्तार कर लेगी।
पंजाब पुलिस ने भगोड़े अमृतपाल सिंह के साथ मौके से फरार सहयोगी जोगा सिंह को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था, उसे लुधियाना के पास सानेहवाल से पकड़ा गया है। जिसके बाद से पंजाब पुलिस जोगा सिंह से पूछताछ कर अमृतपाल की लोकेशन से जुड़ी हर जानकारी निकलवाने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें अमृतपाल ने गुरूवार रात को एक और वीडियो शेयर की थी जिसमें वो कह रहा था कि मैं भगोड़ा नहीं हूं, बस बगावत के दिन काट रहा हूं।
वीडियो के जारी होने के बाद से पंजाब पुलिस ने अपना सर्च ऑपरेशन को पंजाब में और तेज कर दिया जिसके बाद से पुलिस राज्य के सैकड़ों धार्मिक स्थानों में अमृतपाल की तलाश में कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अमृतपाल के एक और मददगार को पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि इसी शख्स के मोबाइल से अमृतपाल ने वीडियो बनाए थे। जिन्हें 29 व 30 मार्च को जारी किया गया था। बता दें कि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि ये वीडियो कहां बनी? उसने यह आगे किसे भेजी? … और किसने इन्हें इंटरनेट पर इन वीडियो को डाला?
बता दें कि ये दोनों वीडियो विदेशी IP एड्रेस से इंटरनेट पर डाले गए थे। अमृतपाल के वीडियो के मामले में अब पंजाब पुलिस ने केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद मांगी है। अमृतपाल ने 29-30 मार्च को लगातार 2 वीडियो जारी की थी जिसके बाद पुलिस के साइबर सेल ने इनकी जांच की तो पता चला कि ये वीडियो दुबई, कनाडा, यूके, अमेरिका, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया समेत अन्य देशों से इंटरनेट पर डाला गया है। जिसके बाद पंजाब पुलिस इनके बारे में पूरी जानकारी जुटाने के लिए केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से तालमेल कर चुकी है और केंद्रीय एजेंसियों को IP एड्रेस भी सौंपे गए हैं।

