Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में अब सर्दी ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से मौसम तेजी से बदल रहा है। सुबह और शाम के वक्त लोगों को अब ठंड साफ-साफ महसूस होने लगी है। इसके साथ ही कोहरे और स्मॉग की समस्या भी बढ़ने लगी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार 8 नवंबर की सुबह दिल्ली-एनसीआर में हल्का कोहरा छाया रहेगा और ठंड का असर दिखेगा। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से मौसम सामान्य रहेगा। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली में सर्दी और प्रदूषण दोनों का अटैक
दिल्ली में फिलहाल न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। यह सामान्य से करीब 1 डिग्री कम है। सुबह और शाम की ठंडी हवाएं अब लोगों को सर्दी का पूरा एहसास कराने लगी हैं।
लेकिन सर्दी के साथ एक और बड़ी परेशानी बढ़ गई है — प्रदूषण। दिल्ली की हवा ज्यादातर इलाकों में बेहद खराब से लेकर गंभीर स्तर पर पहुंच गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण से राहत की उम्मीद नहीं है।
सरकार ने भी इस हालात को देखते हुए कई कदम उठाए हैं। 15 नवंबर से 15 फरवरी तक सरकारी दफ्तरों के टाइम में बदलाव किया गया है। अब दिल्ली सरकार के दफ्तर सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक चलेंगे, जबकि एमसीडी (नगर निगम) के दफ्तर सुबह 8:30 से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे।
दिल्ली की हवा हुई “गंभीर”
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार सुबह बवाना में सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया। यहां का AQI 403 रहा, जो “गंभीर श्रेणी” में आता है।
अन्य इलाकों में भी हाल बुरा है —
• विवेक विहार: 386 AQI
• नेहरू नगर: 382 AQI
• बुराड़ी: 373 AQI
• जहांगीरपुरी: 365 AQI
• सोनिया विहार: 365 AQI
• आनंद विहार: 355 AQI
• चांदनी चौक: 349 AQI
यानी राजधानी की हवा सांस लेने लायक नहीं रह गई है। सर्दी के साथ स्मॉग ने लोगों की परेशानियां दोगुनी कर दी हैं। अब मौसम और प्रदूषण—दोनों से ही दिल्ली वालों को सतर्क रहने की जरूरत है।
ये भी देखें: Pawan Singh News: ”15 साल पहले और आज का बिहार….”—खेसारी के बयान पर पवन सिंह का पलटवार!

