फिल्मी दुनिया के रूपहले पर्दे पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाली बॉलीवुड की जानी मानी हसीना रवीना टंडन को आज देश के सर्वोच्य प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। बता दें कि 80 से 90 के दशक में रवीना टंडन बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक थी। उन्हें आज यह पुरस्कार उनके काम और भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए दिया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।
पद्मश्री पुरस्कार सम्मान समारोह का एक वीडियो सामने आया है। इस अवॉर्ड सेरेमनी के लिए रवीना ने खास लुक कैरी किया था। जिसमें वह काफी खूबसुरत नजर आ रही है। अभिनेत्री साड़ी पहनी हुई नजर आ रही है, बालों में गजरा और कानों में झुमका पहनी हुई नजर आईं।
बता दें कि वह इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में गणमान्य लोगों को प्रणाम करती नजर आ रही हैं। इसके बाद रवीना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रवीना को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।
पद्मश्री पुरस्कार लेने के बाद अभिनेत्री रवीना टंडन ने कहा कि ”मैं सम्मानित और आभारी हूं। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है। मेरे योगदान, मेरे जीवन, मेरे जुनून और उद्देश्य पर ध्यान देने के लिए भारत सरकार का धन्यवाद, जिसने मुझे न केवल बॉलीवुड बल्कि इससे भी आगे योगदान करने की अनुमति दी। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करती हूं जिन्होंने इस सफर में मेरा मार्गदर्शन किया। मैं इसके लिए अपने पिता रवि टंडन की ऋणी हूं।”

