सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलटने के लिए केंद्र की ओर से लाए गए अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी इन दिनों सभी विपक्षी पार्टियों का समर्थन पाने के लिए एड़ी चोटी का जोड़ लगा रही है। आप पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल लगातार देश के अलग अलग राज्यों में जाकर वहां की स्थानीय पार्टियों के अध्यक्षों से मुलाकात कर रहे है और उनसे समर्थन मांग रहे है। इसी सिलसिले में उन्होंने अब कांग्रेस से समर्थन मांगने के लिए समय माँगा है। बता दें कि सीएम केजरीवाल ने कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से समर्थन मांगा था। उसके बाद केजरीवाल अपने साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा, मंत्री आतिशी के साथ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करने कोलकाता गए थे। फिर उन्होंने महाराष्ट्र के दो दिवसीय दौरे पर उद्धव ठाकरे और अगले दिन शरद पवार से मुलाकात कर समर्थन मांगा था। शरद पवार, ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे से मिलने के बाद अब मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी से समय मांगा है।

