आम आदमी पार्टी केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने यह ऐलान किया है कि वह पूरे देश भर में मोदी को हटाने के लिए अभियान छेड़ेगा। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने ‘मोदी हटाओ देश बचाओ’ का पोस्टर 11 भाषाओं में जारी किया है। वह 30 मार्च को देशभर में मोदी हटाओ, देश बचाओ का पोस्टर लगाने वाली है।
दरअसल कुछ समय पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मोदी हटाओ देश बचाओ के पोस्टर लगाए गए थे जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 100 से ज्यादा एफआईआर की थी और 6 लोगों को गिरफ़्तार किया था। बता दें कि इसी नारे के तहत 23 मार्च को आम आदमी पार्टी ने जंतर मंतर पर बड़ी जनसभा की थी। जिसे दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संबोधित किया था।
इन भाषाओं में होगा पोस्टर
इसी जनसभा में पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने यह ऐलान किया था कि 30 मार्च को आम आदमी पार्टी देशभर में मोदी हटाओ देश बचाओ का पोस्टर लगाएगी। जिसके बाद अब हिन्दी, उर्दू, अंग्रेज़ी और पंजाबी के अलावा, गुजराती, तेलुगू, बांग्ला, उड़िया, कन्नड़, मलयालम और मराठी में भी पोस्टर जारी किया गया है। इन पोस्टरों को 30 मार्च को देशभर में लगाया जायेगा।

