यूपी नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण की शुरुवात हो चुकी है। आज पहले चरण के तहत मतदान किया जा रहा है। बता दें कि निकाय चुनाव के मद्देनजर गाजीपुर में मतदान जारी है। ऐसे में बे मौसम बारिश की वजह से बूथ संख्या 39 नवापुरा प्राथमिक विद्यालय पर मतदाताओं की संख्या न के बराबर है।
बहरहाल, बूथ संख्या 39 प्राथमिक विद्यालय नवापुरा पर कम मतदाता होने के बावजूद मतदान कर्मी मतदान कराने के लिए मौजूद हैं और उनकी सुरक्षा में सुरक्षाकर्मी भी लगे हुए हैं। इस बूथ पर तकरीबन एक हजार से ज्यादा मतदाता है लेकिन अभी तक बारिश की वजह से बूथ पर मतदाताओं का आना न के बराबर नजर आ रहा है। अक्सर ऐसा देखा गया है कि तकरीबन 7:45 बजे तक इस बूथ पर अच्छा खासा मतदान हो जाता है लेकिन अभी तक 4 से 5 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
बता दें कि गाजीपुर में 3 नगर पालिका परिषद और 5 नगर पंचायत हैं। गाजीपुर के आठ नगर निकाय में कुल 2,29,358 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वही मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की बात की जाए तो शांतिपूर्ण मतदान के लिए फोर्स के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। जिनमें 27 थानाध्यक्ष, ढाई सौ इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर, 225 महिला कांस्टेबल और महिला इंस्पेक्टर, 1300 कांस्टेबल, एक कंपनी आरएएफ, तीन कंपनी पीएसी तैनात की गई है। इसके अतिरिक्त सोनभद्र, बलिया, मऊ, आजमगढ़, भदोही जनपदों से 60 सब इंस्पेक्टर और 200 कांस्टेबल की तैनाती की गई है जबकि चुनाव ड्यूटी में 555 होमगार्ड भी लगाए गए हैं।

