भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा के सांसद बृजभूषण शरण सिंह को लेकर मामला गहराता जा रहा है। बता दें कि बृजभूषण के खिलाफ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों की मांग है कि भाजपा सांसद पर कार्रवाई और उन्हें उनके पद से हटाया जाए। पहलवान ये भी चाहते है कि बृजभूषण सांसदी से भी इस्तीफा दे दें।
अब इस मामले में एक नया मोड़ आया है। पहलवान विनेश फोगाट ने केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को लेकर बड़ा बयान दिया है। फोगाट ने अनुराग ठाकुर पर मामला दबाने की गंभीर आरोप लगाया है। विनेश ने कहा हमने केंद्रीय खेल मंत्री से बात करने के बाद अपना विरोध समाप्त कर दिया, और सभी एथलीटों ने उन्हें यौन उत्पीड़न के बारे में बताया था। एक समिति बनाकर, उन्होंने वहां मामले को दबाने की कोशिश की, उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई।’
विनेश फोगाट ने यह भी बताया कि वह क्यों धरने पर बैठी। उन्होंने कहा कि पहली बार जंतर मंतर पर धरना शुरू करने से पहले पहलवानों ने एक अधिकारी से मुलाकात की थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि जंतर मंतर पर बैठने से तीन-चार महीने पहले, हम एक अधिकारी से मिले थे. हमने उन्हें सब कुछ बताया था कि कैसे महिला एथलीटों का यौन उत्पीड़न और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। हालांकि इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद हम धरने पर बैठ गए।
पहलवान विनेश ने कहा कि एक पावरफुल इंसान के खिलाफ खड़े होना बहुत मुश्किल है। साथ ही कहा कि ऐसे व्यक्ति के खिलाफ खड़े होना और भी मुश्किल है जो अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रहा है।

