उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जहाँ एक शादी में दुल्हन ने महज इस लिए फेरे लेने से इंकार कर दिया क्योंकि दूल्हा दुल्हन के लिए जेवर और उपहार कम लाया था। जिसके बाद शादी में बवाल हुआ और बारात वापस हो गई। दरअसल बनवारीपुर गाँव के रहने वाले श्याम नारायण की बेटी की शादी मानपुर गांव के लाला राम के बेटे से तय हुई थी और ये शादी बिना किसी दान दहेज के होनी थी।
शादी का दिन आया और लड़के वाले बारात लेकर लड़की के यहाँ गए। लड़की वालों ने धूम धाम से बारातियों का स्वागत सत्कार किया और दूल्हे कृष्ण मुरारी को हाथों हांथ लिया गया। उसके बाद द्वारचार हुआ, जयमाल हुआ और सब कुछ एकदम ठीक चल रहा था लेकिन जब देर रात फेरे का समय आया तो अचानक से दुल्हन ने फेरे लेने से इंकार कर दिया।
लड़की ने कहा की इतनी कम जेवर लेकर मैं शादी नही करूंगी
बता दें कि उस वक़्त मानों ऐसा लगा जैसे शादी में अचानक से सब रुक सा गया हो। बड़े बुजुर्गों ने लड़की वालों से बात की तो पता चला लड़की शादी से इंकार कर रही है और वजह ऐसी जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे। लड़की पक्ष की तरफ से बात निकल कर आई कि लड़के वाले शादी के दौरान जेवर और उपहार कम लेकर आए है और लड़की ने कहा की इतनी कम जेवर लेकर मैं शादी नही करूंगी अगर शादी करनी है तो जेवर और मंगाओं वरना बारात लेकर लौट जाओ ।
काफी समझाने के बाद भी बात नही बनी और आखिरकार पुलिस को इस बात की सूचना दी गई और दूल्हा थाने पहुंच गया पुलिस ने बहुत प्रयास किया लेकिन लड़की ने शादी के लिए हामी नहीं भरी और फिर हताश होकर लौट गए। लेकिन सवाल कई है की जहां दहेज मांगने पर लड़के वालों पर कार्रवाई की जाती है तो फिर लड़की की तरफ से मांगा जा रहा दहेज पर पुलिस ने कार्रवाई क्यों नही की। फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले में कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी है ।

