उत्तर प्रदेश के बहराइच में समलैंगिक कानून के खिलाफ सड़कों पर उतर विश्व हिंदू परिषद ने विरोध प्रदर्शन किया। बता दें कि सोमवार यानी आज बहराइच में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष तरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में दर्जनों विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर सुप्रीम कोर्ट को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी बहराइच अनिरुद्ध प्रताप सिंह को सौंपा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राघवेंद्र सिंह प्रांत कार्य अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिक कानून बनाया गया है। जिसको लेकर विहिप ने ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि समलैंगिक कानून हमारे भारत की संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कानून बनाना कोर्ट का काम नहीं कानून बनाना लोकसभा का काम है। उन्होंने कहा कि हम इस ज्ञापन के माध्यम से समलैंगिक कानून को वापस लेने की मांग करते हैं। यदि वे फिर भी नहीं मानते है तो हम जनता प्रतिनिधियों के पास जाएंगे और आगे संवैधानिक रूप पर कार्यवाही करेंगे।
गौरतलब है कि समलैंगिक कानून को मान्यता देने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गयी थी जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया था और उस पर सुनवाई चल रही है। जिसके बाद विभिन्न संगठन इसका विरोध कर रहे है और इसे सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध बता रहे है।

