भाजपा सांसद और कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह इन दिनों यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे हुए है। उनपर महिला पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है और उनके खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दिया जा रहा है। कई राजनीतिक पार्टियां इस धरना को अपना समर्थन भी दे रही है। इस बीच बृजभूषण सिंह ने चुप्पी तोड़ते हुए कांग्रेस नेता पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुझ पर आरोप लगाने वाली लड़कियां एक ही अखाड़े की हैं जिसके कर्ताधर्ता कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 90 प्रतिशत पहलवान व परिवार डब्ल्यूएफआई पर भरोसा करते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा पर साजिश करने का आरोप लगाया है।
इसके अलावा जब उनसे समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के अब तक प्रदर्शन करने वाले पहलवानों के समर्थन में न आने पर सवाल किया गया तब भजापा सांसद बृजभूषण सिंह ने कहा कि मैं अखिलेश यादव को बचपन से जानता हूं। यूपी के 80 प्रतिशत पहलवान समाजवादी विचारधारा के हैं और वो सभी मुझे नेताजी कहते हैं।
बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने पहलवान बजरंग पुनिया को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बजरंग पुनिया ने चार महीनों तक आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की की तलाश की। इससे जुड़ा एक आडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें साफ तौर पर साजिश की बात सामने आ रही है। भाजपा सांसद ने आगे कहा कि बजरंग पुनिया को इस काम के लिए लगाया गया कि वह ऐसी लड़की की तलाश करें जो शिकायत कर सके। चार महीने तक की गई पुनिया ने लड़की की तलाश की। उसके बाद सब योजनाबद्ध तरीके से कहानी गढ़ी गई।

