आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज एक बार फिर राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। दरअसल दिल्ली में हुए आबकारी घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में आज सिसोदिया की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। बता दें कि कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मंत्री सिसोदिया की न्यायिक हिरासत फिर से बढ़ा दी है। इस बार यह हिरासत 8 मई तक के लिए बढ़ाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले कोर्ट ने 17 अप्रैल को इस मामले में सिसोदिया को आज तक की न्यायिक हिरासत में भेजा था। बता दें कि सीबीआई ने 25 अप्रैल को दाखिल पूरक चार्जशीट में आप नेता मनीष सिसोदिया को आरोपी बनाया है। सीबीआई ने सिसोदिया को 26 फरवरी को 8 घंटे की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने मनी लांड्रिंग मामले में सिसोदिया को 9 मार्च को पूछताछ के बाद तिहाड़ जेल से ही गिरफ्तार किया था।
बहरहाल, आज जब पत्रकारों ने मनीष सिसोदिया से जमानत याचिका खारिज किए जाने पर प्रतिक्रिया पूछी तब उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “मोदी जी चाहे जितनी साजिशें कर लें लेकिन दिल्ली में केजरीवाल जी का काम रोक नहीं पाएंगे।”

