UPSRTC सड़क परिवहन निगम की ई-टिकटिंग बुकिंग वैबसाइट 26 अप्रैल को हैक हो गई जिसके बाद आम आदमी जो रोजाना ऑफिस के लिए बस की सर्विस पर निर्भर रहता है उसको सबसे ज्यादा चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
तीन दिन हो गए हैं लेकिन आम आदमी के लिए समस्या बढ़ती जा रही है। परिवहन निगम के एमडी संजय कुमार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया गया है। अब उनकी जगह एम वेंकटेश्वर लू परिवहन निगम के नए प्रबंध निदेशक बन गए हैं। यात्रियों की नाराजगी और विभाग को हो रहे नुकसान से सीएम योगी भी बेहद नाराज बताए जा रहे है।
यूपी परिवहन निगम की वेबसाइट पर 26 अप्रैल को साइबर अटैक हुआ और हैकर्स ने फिरौती के तौर पर पहले 40 करोड़ की मांग की और उसके ठीक दो दिन बाद ही रकम दोगुनी कर 80 करोड़ की चेतावनी हैकर्स ने दी थी।
उत्तर प्रदेश परिवहन की इलेक्ट्रॉनिक बस टिकटिंग (Electronic Bus Ticketing) ने ये फैसला लिया है कि जिन लोंगो ने ऑनलाइन टिकट बुक (Online Ticket Book) कराए थे अब उनके पैसे वापस किए जाएंगे।
ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था बाधित होने की वजह से फिलहाल मैन्युअली काम किया जा रहा है, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस वेबसाइट का प्रबंधन करने वाली कंपनी मैसर्स ओरियन की स्पेशलिस्ट टीम पुराना डाटा रिकवर करने में जुटी है, इसके साथ ही कंपनी ने नया सर्वर स्थापित करने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा है ऐसे में आने वाले सप्ताह भी आम आदमी जो रोजाना ऑफिस के लिए ट्रैवल करता है उसकी मुश्किलें बढ़ी रहेंगी।
इस पूरे मामले को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि UPSRTC की साइट हैक होने के पीछे किसी बड़े हैकर का काम है हमने FIR दर्ज करा दिया है। मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।

