कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अब बस कुछ ही दिन बाकि है। जैसे जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे वैसे आरोप प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है। अब हर रोज एक नया हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिल रहा है। बता दें कि इस समय कर्नाटक मे माहौल काफी गर्म है। भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे पर हमलावर है। कल कर्नाटक की एक जनसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर एक विवादित बयान दिया था जिसके बाद भाजपा ने भी कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर विवादास्पद टिप्पणी की है।
सोनिया गांधी को बताया चीन-पाक का एजेंट
दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को जहरीला सांप कहा था जिसके बाद सियासत काफी तेज हो गई थी। भाजपा के स्थानीय नेता से लेकर राष्ट्रीय नेता तक ने कांग्रेस पर हमला करना शुरू कर दिया था और चुनाव आयोग से इसकी शिकायत भी दर्ज करवाई। बता दें कि मल्लिकार्जुन खरगे ने बाद में अपने बयान से पलट गए लेकिन भाजपा इस मौके को पूरी तरह भुनाने में लगी हुई है। भाजपा विधायक यतनाल ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को विषकन्या कहकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
बता दें कि भाजपा विधायक यतनाल ने कोप्पल में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पूरी दुनिया ने पीएम मोदी को माना। अमेरिका ने एक समय उन्हें वीजा देने से मना कर दिया था। बाद में उन्होंने रेड कार्पेट बिछाया और पीएम मोदी का स्वागत किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के ‘जहरीला सांप’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए विधायक ने कहा कि अब वे (खरगे) उनकी (पीएम मोदी की) तुलना सांप से कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वे जहर उगलेंगे। जिस पार्टी में आप (खरगे) नाच रहे हैं, क्या सोनिया गांधी विषकन्या हैं? उन्होंने यह तक कह डाला कि सोनिया ने चीन और पाकिस्तान के साथ उनके एजेंट के रूप में काम किया। अब बीजेपी की तरफ से जारी इस विवादित बयान को लेकर कांग्रेस ने एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

