सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच पिछले कई दिनों से संघर्ष जारी है। इसमें अब तक सैंकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। सूडान में चल रहे गृहयुद्ध के चलते हजारों भारतीय भी वहां फंसे हैं। भारत सरकार इन्हें निकालने के लिए ‘ऑपरेशन कावेरी’ चला रही है। ऑपरेशन कावेरी के तहत भारतीय को संकटग्रस्त देश सूडान से निकाला जा रहा है।
बता दें कि विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने गुरुवार को बताया कि गृह युद्ध का सामना कर रहे सूडान से अबतक 1700 से 2000 भारतीयों को निकाला जा चुका है। उन्होंने एक विशेष पत्रकार वार्ता में विस्तार से संघर्ष प्रभावित सूडान से भारतीय नागरिकों की निकासी की जानकारी दी। क्वात्रा ने बताया कि 15 अप्रैल को सूडान में संघर्ष शुरू होने के बाद से हम लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। हमारा अनुमान है कि सूडान में लगभग 3500 भारतीय और 1000 पीआईओ हैं। सूडान में एक भारतीय की मौत हो गई, उसका शव अभी भी खार्तूम में है। दूतावास सभी हित धारकों के संपर्क में है।

