आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली के आबकरी नीति घोटाला मामले में केंद्रीय जाँच एजेंसी सीबीआई ने पहली बार मनीष सिसोदिया का नाम अपनी चार्जशीट में दर्ज किया है। बता दें कि सीबीआई ने आज मंगलवार को दिल्ली स्थित रॉउज एवन्यू कोर्ट में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। जिसमें आप नेता मनीष सिसोदिया, बुच्ची बाबू, अर्जुन पांडेय और अमनदीप ढल को आरोपी बनाया गया है।
दरअसल सीबीआई आबकारी नीति में हुई अनियमितता को लेकर जांच कर रही है। इसको लेकर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने 26 फरवरी को दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। ईडी भी आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले को लेकर सिसोदिया से पूछताछ करते हुए दावा कर रही है कि आबकारी नीति में हुए भ्रष्टाचार में सिसोदिया ही मुख्य साजिशकर्ता है।

