भारतीय पहलवानों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। बीते तीन दिनों से पहलवान देश की राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बात दें कि कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के मामलें में कार्रवाई करने के पहलवान लगातार मांग कर रहे है। आज देश के सर्वोच्य अदालत सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को 28 अप्रैल तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को होगी।
दरअसल, विनेश फोगाट समेत कुल सात खिलाड़ियों ने याचिका दायर कर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उल्लेखनीय है केंद्र सरकार ने भारतीय कुश्ती संघ के कामकाज को देखने के लिए पांच लोगों की कमेटी का गठन किया है। मुक्केबाज मैरी कॉम कमेटी का नेतृत्व कर रही हैं। यह कमेटी पहलवानों के आरोपों की जांच के लिए गठित की गई है।
बता दें कि इसी साल जनवरी में विनेश फोगाट, साक्षी मालिक और बजरंग पुनिया समेत कई पहलवानों और कोचों ने कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर आरोप लगाते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था। इसके बाद केंद्रीय युवा और खेल मंत्रालय ने आरोपों की जांच के लिए कमेटी का गठन किया था। एक नाबालिग समेत सात पहलवानों ने 21 अप्रैल को कनॉट प्लेस थाने में बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ शिकायत दी थी।

