पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से राज्य सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विपक्षी एकजुटता पर बात की। बता दें कि बैठक के बाद साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि ममता दीदी से बहुत सकारात्मक बातचीत हुई है। बैठक काफी फलदायी रही है। हमलोग मिलकर एक साथ लड़ाई लड़ने को राजी हुए हैं और इस पर हर कोई सहमत है। हालांकि नीतीश कुमार ने भाजपा के खिलाफ अथवा किसी भी अन्य नेता के खिलाफ नाम लेकर कुछ भी नहीं कहा।
गौरतलब है कि जब उनसे ममता बनर्जी की पार्टी के साथ मिलकर गठबंधन करने और एकजुट राजनीतिक कदम के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पहले तो सारे लोग मिलजुल रहे हैं, बातचीत कर रहे हैं। पहले बातचीत पूरी हो जाए उसके बाद गठबंधन के बारे में कदम उठाया जाएगा। बता दें कि इस दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने मीडिया से ज्यादा कुछ बात नहीं की।
बिहार से हो भाजपा के खिलाफ एकजुटता की शुरुआत
बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नीतीश जी बंगाल आए हैं, यह हमें बहुत अच्छा लग रहा है। हमसे मिले हैं। हम लोगों ने इस बात पर बात की है कि भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है। इस तरह का संदेश पूरे देश में देने की जरूरत है कि केंद्र की पार्टी को सत्ता से हटाने के लिए सभी पर्सनल ईगो को छोड़ कर हमलोग एक साथ काम करेंगे।
बता दें कि ममता बनर्जी ने महत्वपूर्ण आंदोलनों का गवाह बना बिहार को लेकर कहा कि जयप्रकाश आंदोलन की शुरुआत भी बिहार के पटना से हुई थी और हम लोग चाहते हैं कि वर्तमान केंद्र सरकार के खिलाफ भी विपक्षी महाएकता की शुरुआत बिहार से ही हो।
नीतीश कुमार अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे
ममता बनर्जी ने आगे कहा कि हमलोग चाहते हैं कि बिहार में एक बड़ी बैठक हो जिसमें गैर भाजपा दलों के नेता उपस्थित हों। वहां से यह संदेश दिया जाए कि हम सब एक हैं और लोगों के लिए मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग केवल बड़ी-बड़ी बातें करके देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्हें सत्ता से हटाना जरूरी है। हमारा मकसद यही है कि भाजपा को शून्य पर लाया जाए।
सूत्रों से मिलें जानकारी के अनुसार इस मुलाकात के बाद सीएम नीतीश कुमार का उत्तर प्रदेश जाने का कार्यक्रम है जहां वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात करेंगे। बता दें कि कुछ दिनों पहले अखिलेश यादव भी कोलकाता गए थे और कालीघाट स्थित सीएम आवास पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिले थे। उस दौरान ममता ने कहा था कि उनकी पार्टी गैर भाजपा और गैर कांग्रेस गठबंधन के लिए काम कर रही है।

