भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के गढ़ रायबरेली में अपना परचम लहराने के लिए लगातार प्रयासरत है। वर्तमान में चल रहे निकाय चुनावों को इसकी सीढ़ी बनाकर भाजपा मंजिल पर पहुचने के लिए प्रयास कर रही है। इसी कारण नगर पालिका के चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में वोट जुटाने के लिए कल यानी मंगलवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के फायर ब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ खुद रायबरेली पहुंच कर चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के मंत्रियों ने आज पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी नगर निकाय के चुनावों को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सेमी फाइनल मानकर चल रही है। जिससे वह प्रदेश की अधिकतर निकाय पदों पर जीत का परचम लहराने के लिए किसी भी तरह की कोई कोर कसर नही छोड़ना चाहती। जंहां एक ओर इसको लेकर कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर पसीना बहा रहे है तो वहीं दूसरी ओर मंत्रियों का भी लगातार दौरा जारी है।
कल यानी मंगलवार को इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के राजकीय इंटर कॉलेज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन व जिला भाजपा संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसी की जानकारी देने के लिए आज जिले से स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री दिनेश सिंह, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री वीरेंद्र तिवारी व सदर भाजपा विधायिका अदिति सिंह ने शहर के एक होटल में पत्रकार वार्ता कर मुख्यमंत्री के आगमन की जानकारी दी और ये भी दावा किया कि जनसभा में लाखों का जनसमूह उपस्थित होगा।

