झांसी के इलाइट चौराहे पर तेज धूप में एक महिला और उसका पूरा परिवार पुलिस के खिलाफ धरना पर बैठा हुआ है। हाथों में तख्ती और प्रार्थना पत्र लिए परिवार बीच सड़क पर प्रदर्शन कर रहा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहा है। पीड़ित महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
दरअसल, झांसी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली किरण अहिरवार नाम की महिला ने बताया कि उसके बेटे के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। जिसके खिलाफ उसने प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। धरने पर बैठी महिला ने बताया कि जब इसकी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की तब जाकर उसके घायल बेटे का मेडिकल कराया गया था। महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब पुलिस विपक्षी लोगों के साथ मिलकर फर्जी मुकदमें में फंसाने का प्रयास कर रही है।
धरने पर बैठ प्रदर्शन कर रही महिला ने आगे बताया कि इससे पहले भी एक लड़की के माध्यम से फंसाने का प्रयास किया गया था। जिसमें लड़की द्वारा 50,000 तथा थाने में तैनात सिपाही द्वारा ₹35000 घूस के रूप में ऐठ लिए गए थे। लगातार पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न से तंग आकर पीड़ित महिला ने झांसी के लाइट चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर दिया और झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

