भाजपा नेता और दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी आज अपने पूरे परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित मां विंध्यवासिनी के दरबार में पहुंचे। माता के दरबार पहुंचकर भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन किया। इसके बाद उन्होंने अपने दोनों बेटियों का मुंडन संस्कार करवाया। माता के दर्शन और पूजन करने के बाद सांसद मनोज तिवारी पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मां विंध्यवासिनी के धाम में भव्य कारीडोर का निर्माण हो रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास कानून व्यवस्था पर बहुत ज्यादा बढ़ा है।
सांसद तिवारी ने आगे कहा कि आज हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण दिन है आज हमारी दोनों बेटियों का मुंडन संस्कार मां विंध्यवासिनी के धाम में हुआ। आज हम सपरिवार मां के धाम में आए हैं और मां का दर्शन पूजन किया। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बहुत विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री कितना काम कर रहे हैं और पुलिस अपना काम कर रही है, रिजल्ट बहुत जल्दी सामने आएगा उत्तर प्रदेश की जनता का कानून पर विश्वास बहुत ज्यादा बढ़ा है।

