उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने नीतीश कुमार पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया है। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि बिहार सरकार की ओर से माफिया आनंद मोहन की रिहाई दलित समुदाय का अपमान है।
बता दें कि इस मामले को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने आज रविवार को ट्वीट किया है। उन्होंने ट्ववीट लरते हुए कहा कि बिहार की नीतीश सरकार द्वारा, आन्ध्र प्रदेश (अब तेलंगाना) महबूबनगर के रहने वाले गरीब दलित समाज से आईएएस बने बेहद ईमानदार जी कृष्णैया की निर्दयता से की गई हत्या मामले में आनन्द मोहन को नियम बदल कर रिहा करने की तैयारी देश भर में दलित विरोधी निगेटिव कारणों से काफी चर्चाओं में है।
उन्होंने आगे कहा कि आनन्द मोहन बिहार में कई सरकारों की मजबूरी रहे हैं, लेकिन गोपालगंज के तत्कालीन डीएम कृष्णैया की हत्या मामले को लेकर नीतीश सरकार का यह दलित विरोधी व अपराध समर्थक कार्य से देश भर के दलित समाज में काफी रोष है। उनकी चाहें कुछ भी मजबूरी हो, बिहार सरकार को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।

