उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही लोग चुनाव जीतने के लिए तरह-तरह के हथकंडे भी अपनाने लगे हैं। ऐसा ही एक नजारा पीलीभीत जिले में देखने को मिला है जहां 16 नंबर वार्ड से मौजूदा सभासद मोनू उर्फ राम अवतार ने चुनाव लड़ने के लिए आनन फानन में शादी तक कर लिया। दरअसल, यह सीट इस बार महिला के लिए आरक्षित हो गया है लेकिन सभासदी घर में ही रहे इसके लिए राम अवतार ने शादी करने का मन बनाया और ऐलान कर दिया कि वह अपनी पत्नी को सभासदी का चुनाव लड़ाएंगे।
इसके लिए नामांकन से कुछ घंटे पहले ही अवतार सिंह उर्फ मोनू ने शादी कर लिया। आनन-फानन में शादी की सभी तैयारियां शुरू हुई और अवतार सिंह ने राजकुमारी संग शादी कर ली। दरअसल, नगर पालिका परिषद के 16 नंबर वार्ड के सभासद राम अवतार सिंह मोनू, पिछले 5 साल से सभासद थे। इस बार परिसीमन में इनकी सीट महिला आरक्षित हो गई।
मोनू को सभासद होने का चस्का इतना लग गया कि उन्होंने फौरन ही अपनी शादी करने का मन बनाया क्योंकि वह यह सभासद का पद नहीं छोड़ना चाह रहे थे। उन्होंने इस बात को लेकर अपने घर वालों से चर्चा की तो घर वाले भी राजकुमारी नाम की लड़की के घर पहुंच गए और उनको पूरा माजरा बताया। लड़की के घर वाले भी इस बात को राजी हो गए और आनन-फानन में फौरन मोनू सिंह और राजकुमारी का विवाह तय हो गया।
विवाह होते ही दूसरे दिन यानी शनिवार को राजकुमारी सभासद का पर्चा भरेंगी। इस बात की चर्चा जोरों शोर से हो रही है। कोई बता रहा है कि अब सभासद भाभी बनेगी तो वहीं मौजूदा सभासद और दूल्हे मियां मोनू सिंह कह रहे हैं कि सभासद का पद उनके घर में ही रहेगा।

