अलीगढ़ के रेलवे स्टेशन के शौचालय में एक अधेड़ की आज तड़के करीब 2 बजे चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बता दें कि मृतक अपने बेटे के साथ फरक्का एक्सप्रेस से सफर कर रहा था। मृतक एटा का रहने वाला था और उसका नाम महेंद्र प्रताप था। पुलिस मृतक के बेटे से भी पूछताछ कर रही है। मृतक के बेटे का कहना है कि उसके पिता को चाकू से गोदकर हत्या कर दिया गया है। मृतक के बेटे ने बताया कि हत्या करने वाले 6 लोग थे। जीआरपी पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भांजे आकाश ने बताया कि मामा व उनका बेटा पानीपत में ही रहकर जॉब करते हैं। वे दोनों अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर करीब 12:45 बजे उतरे। जो कि कैमरे में भी दिखाई दे रहें हैं। मृतक के भांजे आकाश ने आगे बताया कि मामा का लड़का पानी की बोतल लेने के लिए आगे निकल गया और मामा पीछे वाली बिल्डिंग में जाकर अंदर बैठ गए। जब तक उनका लड़का लौट कर आया तब तक मामा को किसी ने मार दिया था। उसके बाद मामा के लड़के ने वहां घूम रहे पुलिस वाले और कोतवाली में आकर सूचना दी।
एसपी जीआरपी मो. मुश्ताक का बयान
मामले पर एसपी जीआरपी मो. मुश्ताक ने बताया कि आज रात्रि लगभग 2:00 बजे के आसपास एक सूचना प्राप्त हुई थी कि अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 के पास रेलवे की एक नई बिल्डिंग का निर्माण हो रहा है। वहीं पर एक शौचालय है और उसी शौचालय में एक व्यक्ति की किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है।
सूचना प्राप्त होते ही मैं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तत्काल घटनास्थल पर जाकर निरीक्षण किया। साथ ही जो फॉरेंसिक टीम है उस के माध्यम से वहां का जो टेक्निकल साक्ष्य है वह इकट्ठा किए गए हैं। साथ ही बॉडी का पंचनामा कराया गया है और उसके परिवार जनों को इसकी सूचना देकर के उनसे तहरीर लेकर f.i.r. पंजीकृत कर इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। बहुत जल्द ही इस मामले का जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।

