नगर निगम मेयर चुनाव में बगावत से जूझ रही समाजवादी पार्टी की मुश्किल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खत्म कर दी है। अखिलेश ने बागी उम्मीदवार रघुवीर चौधरी से फोन पर बात की, जिसके बाद आज उन्होंने अपना पर्चा वापस लेकर पार्टी के उम्मीदवार सतीश जतारिया को समर्थन देने का ऐलान किया है।
बता दें कि समाजवादी पार्टी ने रघुवीर चौधरी को प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन कुछ देर बाद पार्टी ने निर्णय बदलते हुए सतीश जतारिया को प्रत्याशी बना दिया। इससे नाराज रघुवीर ने निर्दलीय पर्चा भर दिया था। आज रघुवीर चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात हुई है। उनंहोने उन्हें आगे मौका देने का आश्वासन दिया है। इसलिए अब वह पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में हैं। वहीं सतीश जतारिया ने कहा कि जनता की सुविधाओं के लिए वह संघर्ष करेंगे। रेहड़ी दुकानदारों को न्याय दिलाएंगे। साथ ही टैक्स भी माफ कराएंगे। इस मौके पर एमएलसी मानसिंह यादव, जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह यादव, सीताराम कुशवाहा, शकील खान, विजय झाँसीया आदि मौजूद रहे।

