बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों दिल्ली दौरे पर है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्ष को एकजुट करने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में कई विपक्षी नेताओं से मुलाकात की और आगामी लोकसभा को लेकर चर्चा की। इस दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यनत्री ने आज यानी शनिवार को दिल्ली के एक होटल लेमन ट्री प्रीमियर में मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित मेदांता कॉन्क्लेव 2023 का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने सीबीआई द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन भेजे जाने के सवाल पर कहा कि विपक्ष के खिलाफ साजिश चल रही है। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आप लोग तो जानते ही हैं कि विपक्षी लोगों के खिलाफ क्या-क्या काम हो रहा है। सभी लोगों ने अपने-अपने इलाके के लिए काफी काम किया है। उनकी काफी इज्जत है। आगे क्या होता है उस पर हम क्या बोलें। समय आने पर अपना जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के एकजुट होने की संभावना है। सभी लोगों के एकजुट होने से बहुत ही अच्छे ढंग से काम होगा।
बिहार में आज से जाति आधारित गणना के दूसरे चरण की शुरुआत होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बख्तियारपुर में जहां मेरा जन्म हुआ वहीं से हम जाति आधारित गणना के दूसरे चरण की शुरुआत करने जा रहे हैं। जाति आधारित गणना करने वाली टीम को हम वहीं पर अपने बारे में जानकारी देंगे। मेरे भाई समेत परिवार के और लोग भी बख्तियारपुर में मौजूद हैं। कई राज्यों के लोग यहां आकर देखना चाह रहे हैं कि जाति आधारित गणना का काम बिहार में कैसा हो रहा है। हमने पहले ही कह दिया है कि जाति आधारित गणना का काम अच्छे ढंग से करना है।

