उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जहां पर ट्रैक्टर-ट्राली पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। इस सड़क हादसे में महिला, बच्चों सहित लगभग 20 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा कई लोग घायल हो गए है। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। सभी श्रद्धालु गर्रा नदी में जल भरने के लिए आए हुए थे। बता दें कि यह हादसा शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के बिरसिंगपुर गांव के पास हुआ है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और राहत बचाव का कार्य शुरू किया।
शाहजहांपुर में हुए इस दुखद घटना पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा ‘जनपद शाहजहांपुर में दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रशासनिक अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत-बचाव कार्य संचालित करने व घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन के अधिकारियों, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गई हैं।

