उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर हो गई है। प्रयागराज में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डीके गौतम की अदालत ने दोनों को 5 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। अब अशरफ और अतीक 13 अप्रैल से 17 अप्रैल तक पुलिस की कस्टडी में रहेगा। बता दें कि पुलिस ने अदालत से 7 दिन की रिमांड मंजूर करने का अनुरोध किया था लेकिन अदालत ने 5 दिन की ही रिमांड मंजूर की है। रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस ने इन दोनों से चर्चित उमेश पाल हत्याकांड केस में पूछताछ करेगी। हालाँकि पुलिस इन दोनों से पूछताछ करने की पूरी तैयारी कर ली है। जैसे ही रिमांड ख़त्म होगा, अशरफ को बरेली जेल और अतीक को साबरमती जेल वापस भेज दिया जाएगा।
गौरतलब है कि साल 2005 में बसपा विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में प्रमुख गवाह रहे उमेश पाल और उनके दो सुरक्षा गार्ड को इसी साल 24 फरवरी को प्रदेश के प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 25 फ़रवरी को उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने थाने में अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, असद सहित दो बेटों, शूटर गुड्डू मुस्लिम और गुलाम तथा 9 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। जिसके बाद से लगातार कार्रवाई जारी है।

