प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी माफिया अतीक अहमद के फरार चल रहे तीसरे बेटे असद को आज यूपी सटीएफ ने झाँसी में मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। असद के साथ शूटर गुलाम को भी एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया है। बता दे कि दोनों आरोपी पर 5 – 5 लाख का इनाम घोषित किया गया था। इन दोनों आरोपियों का एनकाउंटर होने के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर सवाल उठाए है और उन्होंने इसे फेक एनकाउंटर करार दिया है।
अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि “झूठे एनकाउंटर करके भाजपा सरकार सच्चे मुद्दों से ध्यान भटकाना चाह रही है। भाजपाई न्यायालय में विश्वास ही नहीं करते हैं। आज के व हालिया एनकाउंटरों की भी गहन जाँच-पड़ताल हो व दोषियों को छोड़ा न जाए। सही-गलत के फ़ैसलों का अधिकार सत्ता का नहीं होता है। भाजपा भाईचारे के ख़िलाफ़ है।”
वहीं यूपी एसटीएफ द्वारा किए गए इस एनकाउंटर पर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को बताया कि हम ऐसे माफियों और दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान छेड़ रखा है। जिसके सार्थक परिणाम आए हैं। 24 फरवरी को एक बड़ी घटना प्रयागराज के घूमनगंज थाना क्षेत्र में घटित हुई. जिसमें एक प्रमुख गवाह उमेश पाल की हत्या की गई, जिसमें हमारे दो बहादुर साथी जो उस गवाह की सुरक्षा के लिए लगाए गए थे, शहीद हुए थे।

