माफिया अतीक अहमद को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस एक बार फिर माफिया अतीक अहमद को वापस प्रयागराज लाने के लिए गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती जेल पहुँच गयी है। बता दें कि गैंगस्टर अतीक अहमद उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी है और उसी केस के सिलसिले में पूछताछ के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस उसे दोबारा लेने पहुंची है। जल्द ही पुलिस उसे लेकर रवाना होने की तैयारी में है। इस बार भी अतीक को सड़क के रास्ते ही उत्तर प्रदेश ले जाया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश का कुख्यात गैंगस्टर व सपा का पूर्व सांसद अतीक अहमद वर्ष 2019 से अहमदाबाद के साबरमती जेल में बंद है। कुछ दिनों पहले भी उसे उत्तर प्रदेश की प्रयागराज पुलिस केस की सुनवाई के सिलसिले में प्रयागराज ले गई थी। यहां एमपी एमएलए कोर्ट ने माफिया अतीक को आजीवन कैद की सजा सुनाई थी। सजा सुनाने के बाद अतीक को फिर अहमदाबाद के साबरमती जेल भेज दिया गया। बता दें कि सजा के बाद साबरमती जेल में अतीक की जगह बदल दी गई है। अतीक को अभी जेल के अंदर हाई सिक्युरिटी जोन के बैरेक नंबर 200 में रखा गया है। उसकी अभी सिर्फ जगह बदली गई है, जेल में उसकी सुरक्षा पहले की तरह रखी गई है।

