वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मस्जिद इस बात के लिए चर्चा में है क्योंकि वहां वुजू की व्यवस्था करने की मांग की गयी है। याचिकाकर्ता ने मस्जिद में वुजू करने के लिए व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। बता दें कि इससे पहले भी वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद सुर्खियों में तब आई थी जब हिंदू पक्ष ने मस्जिद के भीतर शिवलिंग होने का दावा किया था जबकि मुस्लिम पक्ष ने उसे प्राचीन फव्वारा करार दिया था।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट में ज्ञानवापी मस्जिद की इंतजामिया कमेटी की तरफ से याचिका दायर की गई है। इस याचिका पर मुख्य न्यायाधीश से जल्द सुनवाई की मांग की गई। बता दें कि इस पर सुप्रीम कोर्ट ने इसी माह के 14 अप्रैल को इस मामले में सुनवाई करने की तारीख तय की है।
दरअसल इस मस्जिद के वुजूखाने में ‘शिवलिंग’ पाए जाने के दावों के बाद वाराणसी कोर्ट ने आदेश दिया था कि इसे सील कर दिया जाए। अब ऐसी स्थिति में याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि रमजान के महीने में नमाजियों की बढ़ती तादाद को देखते हुए मस्जिद में वुजू की अलग से कोई व्यवस्था की जाए। बता दें कि वुजू हर नमाज से पहले की जाने वाली एक अहम प्रक्रिया है। इसका मकसद नमाज से पहले खुद साफ सुथरा करना होता है। इसके लिए मुस्लिम लोग अपने हाथ, पैर और चेहरे आदि या हवा से सीधे संपर्क में रहने वाले स्थानों को पानी से धोते हैं।

