प्रयागराज में हुए उमेश पाल हत्याकांड में अब अतीक अहमद की बहन आयशा नूरी को भी पुलिस ने अब आरोपी बनाया गया है। शूटरों को फरार करवाने में आयशा नूरी की अहम भूमिका सामने आई है। पुलिस ने जांच के बाद आयशा को भी आरोपी बनाया है। पुलिस को फिलहाल आयशा की तलाश है, अतीक के बहनोई अखलाक के गिरफ्तार होने के बाद आयशा फरार चल रही है।
आयशा नूरी और अखलाक ने ही शूटर गुड्डू मुस्लिम को 5 मार्च को मेरठ अपने घर में पनाह दी थी और फरार होने के लिए दोनों ने आर्थिक मदद भी की थी। अगले दिन ही 6 मार्च को आयशा नूरी अपनी बेटी उजनिला नूरी के साथ प्रयागराज पहुंच गई थी। आयशा नूरी ने अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और बेटी उनजिला नूरी के साथ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने भाई अतीक अहमद और अशरफ को बेकसूर बताया था। उसने अतीक और अशरफ की जान को खतरा भी बताया था।
बताया जाता है कि आयशा नूरी, अतीक अहमद की बड़ी राजदार है। उसे अतीक के सारे काले कारनामों की जानकारी है। आयशा को इस बात की जानकारी थी कि उमेश पाल की हत्या कहां और कब होनी है। उसने हत्या में शामिल शूटर्स को फंडिंग भी की थी। यहां तक कि उमेश पाल हत्याकांड से पहले की गई रेकी को भी मुहर उसी ने लगाई थी।
वहीं उमेश पाल हत्याकांड में नामजद माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ा के 50 हजार रख दी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए शाइस्ता ने कोर्ट में जमानत याचिका भी दर्ज की थी लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया है। इसके बाद अब सरेंडर करने के अलावा उसके पास कोई विकल्प नहीं बचा है। शाइस्ता के बेटे असद पर पुलिस ने पांच लाख का इनाम घोषित किया है। हत्याकांड का मुख्य आरोपी वही है। गोली चलाते उसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।

