इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 2023 के 9वें मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी गुरुवार, 6 अप्रैल को दो बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर से भिड़ेगी। यह मुकाबला कोलकाता के घरेलू मैदान ईडेन गॉर्डेन में खेला जाएगा। यह मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगी।
बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया था। कप्तान फाफ डु प्लेसिस और रन मशीन विराट कोहली ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को बेहतरीन जीत दिलाई थी। इसके साथ ही आरसीबी ने अपने आईपीएल अभियान की शुरुआत जीत के साथ की थी। वहीं, अगर केकेआर की बात करें तो केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसे अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। नजदीकी मुकाबले में पंजाब की टीम ने केकेआर को 7 रनों से मात दी थी।
एक तरफ आरसीबी अपना पहला मैच जीतकर जीत से लबरेज है तो वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ हार से केकेआर का मनोबल डगमगाया हुआ है, लेकिन वह पलटवार करना जानती हैं। केकेआर के पास सुनील नारायण और आंद्रे रसेल जैसी मजबूत जोड़ी है। जो बल्ले और गेंदबाजी दोनों से अपना योगदान दे सकते हैं और विपक्षी खेमे में दहशत फैला सकते हैं।
दोनों टीमों के खिलाड़ी हुए हैं चोटिल
आईपीएल का 16वां सीजन शुरू होने से पहले ही दोनों ही टीमों को बड़ा झटका लगा है। दोनो ही टीमों के खिलाड़ी चोटिल होकर इस सीजन से बाहर हो गए हैं। बता दें कि कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर-बल्लेबाज रजत पाटीदार चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अय्यर की गैरमौजूदगी में टीम की कमान युवा बल्लेबाज नीतीश राणा संभाल रहे हैं। वहीं, पहले मैच में आरसीबी के रीस टॉपले भी चोटिल हो गए हैं। दूसरे मैच में उनके खेलने की संभावना भी कम ही लग रही है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की संभावित प्लेइंग 11: –
फाफ डु प्लेसिस (c), विराट कोहली, माइकल ब्रेसवेल, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक (wk), शाहबाज अहमद, डेविड विली, आकाश दीप, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज और हर्षल पटेल।
कोलकाता नाइट राइडर्स संभावित प्लेइंग 11: –
रहमानुल्लाह गुरबाज (wk), वेंकटेश अय्यर, नितीश राणा (c), मनदीप सिंह, आंद्रे रसेल, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, शार्दुल ठाकुर, टिम साउथी, उमेश यादव और वरुण चक्रवर्ती।

