राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी’ और भाजपा के बीच पोस्टर वॉर लगातार जारी है। भाजपा ने एक बार फिर सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी के खिलाफ पोस्टर जारी किया है। भाजपा ने मंगलवार को भी पोस्टर जारी कर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला था। अब फिर भाजपा ने ‘आप’ के खिलाफ फिल्मी पोस्टर लगाए हैं। बता दें कि उस पोस्टर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल की बड़ी तस्वीर लगाई गई है। साथ ही उन पोस्टरों पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘चोर मचाए शोर’लिखा हुआ है ।
आप के कई नेता दिखे पोस्टर में
पोस्टर में सिर्फ मुख्यमंत्री को ही नहीं दर्शाया गया है बल्कि आप के और भी दिग्गज नेता को लपेटा गया है। बता दें कि पोस्टर के बीच में अरविंद केजरीवाल की तस्वीर है तो वही ऊपरी हिस्से में पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पूर्व स्वाथ्य मंत्री सतेंद्र जैन के साथ-साथ तीसरी फोटो आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की बनाई गई है। इस तस्वीर में मनीष सिसोदिया और सतेंद्र जैन की तरफ इशारा करते हुए हथकड़ी की तस्वीर बनाई गई है, जिस पर यह दर्शाया गया है कि वह दोनों जेल में हैं।
चोर मचाए शोर
गौरतलब है कि दिल्ली आबकारी नीति घोटाला में मनीष सिसोदिया जेल में है तो वही सतेंद्र जैन मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल की हवा खा रहे है। इसके अलावा पोस्टर के ऊपरी हिस्से में आप कट्टर करप्ट प्रेजेंट्स लिखा गया है, जबकि निचले हिस्से में डायरेक्टेड बाय अरविंद केजरीवाल लिखा हुआ है। यहां साफ तौर पर लिखा गया है कि आप कट्टर करप्ट प्रेजेंट्स, चोर मचाए शोर। इस पोस्टर को फिल्मी पोस्टर के रूप में पेश किया गया है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की डिग्री पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि देश के प्रधानमंत्री को एक ही दिन में बहुत सारे फैसले करने होते हैं। ऐसे में क्या भारत के प्रधानमंत्री को पढ़ा लिखा नहीं होना चाहिए।

