रामनवमी के दिन से बंगाल अशांत है। जगह जगह हिंसा की खबरें आ रही है। रामनवमी शोभायात्रा के दौरान कुछ उपद्रवी लोगों ने पतथरबाजी की। जिससे माहौल गर्म हो गया। हिंसा इतनी भड़की कि लगभग 100 घंटे से भी ज्यादा समय हो गया है लेकिन बंगाल अभी तक शांत नहीं हुआ है। अभी भी सुलग ही रहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में हावड़ा के बाद अब हुगली के रिषड़ा में रविवार शाम शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी की घटना से स्थिति तनावपूर्ण हो गयी है। पुरसुरा से भाजपा विधायक विमान घोष ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करने की भी मांग की है।
राज्यपाल ने की सख्त टिप्पणी
गौरतलब है कि उन्होंने इस सिलसिले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस को पत्र लिखा है। घोष ने पत्र में कहा है कि शाम करीब 6:30 बजे वार्ड नंबर 1 से रामनवमी की शोभायात्रा शुरू हुई। इसे वार्ड 6 तक जाना था। बड़ा मस्जिद के पास पहुंचने पर पथराव किया गया। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। कुछ देर बाद पुलिस ने हिंदुओं के खिलाफ ही केस दर्ज करने शुरू कर दिए। विमान घोष का कहना है कि पत्थर लगने की वजह से वो भी घायल हो गए।
इस बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने भी हुगली में हुए दंगे को लेकर सख्त टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि हम दृढ़ है। इस तरह की गुंडागर्दी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को विफल करती है। गुंडों को पूरी सख्ती से कुचल दिया जाएगा। वह उस दिन को कोसने के लिए मजबूर हो जाएंगे जिस दिन वे पैदा हुए थे। लोकतंत्र को पटरी से नहीं उतारा जा सकता है। राज्य इस आगजनी और लूटपाट को खत्म करने के लिए दृढ़ है। कानून तोड़ने वालों को जल्द ही ये अहसास होगा कि वे आग से खेल रहे हैं।

