खबर सुल्तानपुर से हैं जहां सांसद मेनका गांधी ने शनिवार को जल जीवन मिशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद ने CM योगी से अन्नदाताओं के लिए बजट की सौगात मांगी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यदि निष्प्रयोज्य हो चुके नलकूपों के लिए योगी जी पैसा दे दें तो हम उसकी मरम्मत करा दें और किसानों की समस्याओं का समाधान हो जाए। सांसद मेनका गांधी ने नगरपालिका क्षेत्र में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी पेयजल योजना पर अफसोस जाहिर किया।
बताते चलें कि शहर के पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में जल जीवन मिशन के तहत प्रधान एवं सचिव का एक दिवसीय सौंदर्यीकरण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें जिला विकास अधिकारी अजय पांडे, जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला समेत जिले भर के प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव की सक्रिय भागीदारी रही। सांसद मेनका गांधी और एमएलसी शैलेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलन करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में सांसद मेनका गांधी ने जल मिशन की योजना को संतृप्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों से सहयोग का आह्वान किया।
तो वहीं मेनका गांधी ने कहा वैसे हम लोग बहुत खुश हैं कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के दिशा-निर्देश के क्रम में हर घर में नल योजना का कार्यक्रम शुभारंभ हुआ है। यह योजना पहले से चल रही है। 5 साल से टूटे पड़े राजकीय नलकूपों की मरम्मत के लिए यदि मुख्यमंत्री योगी बजट दे दें तो हम उसका काम करवा दें। नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल योजना की स्थिति अच्छी नहीं है। पश्चिम बंगाल में हुई अराजक स्थिति पर मेनका गांधी ने कोई बयान नहीं देने की बात कही। अग्निकांड के लिए अधिकारियों को सतर्क करते हुए कहा कि पूरी दुनिया में अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में अग्निकांड की घटनाएं हो रही है।
साथ ही साथ अवगत कराते चलें कि उन्होंने ये भी कहा भू-गर्भ जल स्तर को बढ़ाने और बचाने के लिए केवल एक उपाय है पेड़ लगाना। पूरे सुल्तानपुर में धड़ल्ले से पेड़ काटे जा रहे हैं , लेकिन पेड़ लगाया नहीं जा रहा है। वन विभाग का डीएसओ लिखता है कि हर साल 30 लाख पेड़ लगाए जा रहे हैं। लेकिन मुश्किल से 30 पेड़ ही लगाए जाते हैं।

