बिहार की राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित पटना कॉलेज में आज सुबह पांच बजे भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना से कैंपस में अफरा तफरी का माहौल हो गया। आग की तेज लपटों ने पटना कॉलेज के मैथ्स डिपार्टमेंट के साथ-साथ लाइब्रेरी को भी अपनी चपेट में ले लिया। कहा जा रहा है कि बीसीए विभाग में भी आग लगी है। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और बुझाने का प्रयास किया गया।
बता दें कि छठ महापर्व पर सुबह अर्घ्य देकर घर जा रहे कुछ स्थानीय लोगों ने लपटों को देखकर दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां कॉलेज पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि अभी कुछ भी कहा नहीं जा सकता। पुलिस घटना की जाँच कर रही है। जाँच के बाद ही आग लगने की सही जानकारी पता चलेगी। बता दें कि इस घटना में मैथ्स डिपार्टमेंट और लाइब्रेरी को काफी नुकसान हुआ है।

