राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली बार पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर सोमवार दोपहर कोलकाता पहुंची हैं। दोपहर 12 बजे के करीब विशेष विमान से वह दमदम हवाई अड्डे पर पहुंची। यहां हवाई अड्डे पर उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहां से राष्ट्रपति हेलीकॉप्टर के जरिए कोलकाता के रेसकोर्स मैदान पहुंची। बता दें कि वहां पहले से राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मौजूद थीं।
राष्ट्रपति मुर्मू जब रेड कोर्स पहुंची तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तरीय पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ मंत्री बीरबाहा हासदा उपस्थित थीं। राष्ट्रपति मुर्मू रेस कोर्स से सीधे नेताजी भवन स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस के पैतृक आवास पहुंची। उनके साथ राज्यपाल डॉक्टर सी. वी. आनंद बोस और राज्य के मंत्री शोभन देव चटर्जी भी मौजूद रहें। उसके बाद वह ठाकुरबाड़ी स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के उस पैतृक आवास पर पहुंची जहां गुरुदेव का जन्म हुआ था। यहां राज्य के मंत्री ब्रात्य बसु पहले से उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। कड़ी सुरक्षा के बीच वह घूम-घूम कर पूरे ठाकुरबारी परिसर को देख रही हैं।
गौरतलब है कि इसके बाद राष्ट्रपति राजभवन जाएंगी जहां मध्यान्ह भोज है। इसके बाद शाम के समय नेताजी इनडोर स्टेडियम में उनके स्वागत का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से उन्हें नागरिक सम्मान दिया जाएगा।

