जी-20 की बैठक में हिस्सा लेने के लिए 20 सदस्य देशों सहित नौ अतिथि देशों के कुल 103 प्रतिनिधि आज गुरुवार को पूर्वोत्तर राज्य असम के डिब्रूगढ़ शहर पहुंच गए हैं। यहाँ दो दिनों तक बैठक चलेगी। यहां होने वाली दो दिवसीय जी-20 की बैठक 24 व 25 मार्च को होगी। यह प्रतिनिधि यहां के चाय बगानों का भी दौरा करेंगे। बता दें कि डिब्रूगढ़ स्थित मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर जिला प्रशासन ने यहां पहुंचे प्रतिनिधियों का स्वागत किया। स्वागत की श्रंखला में यहां स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। विभिन्न जातीय समूहों की सांस्कृतिक मंडलियों के प्रदर्शनों को देख जी-20 की बैठक में हिस्सा लेने आए प्रतिनिधि मंत्रमुग्ध हो गए ।
गौरतलब है कि जी-20 की यह बैठक अनुसंधान एवं नवाचार पहल पर केंद्रित है। डिब्रूगढ़ मोहनबाड़ी हवाई अड्डे से जी-20 के प्रतिनिधि असम के चाय उत्पादन का जायजा लेने के लिए चाय बागानों और चाय की फैक्ट्रियों का दौरा करेंगे। प्रतिनिधि तीन हिस्सों में बंटकर क्रमशः मनोहारी चाय बागान, मानकटा और एथेलवुड चाय बागानों का दौरा करेंगे। इसके बाद डिब्रूगढ़ के होटलों में प्रतिनिधियों के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है।

